सागर- राहतगढ़ में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप
सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस मामले ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया, जब मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना राहतगढ़ के वार्ड नंबर चार, ब्लॉक कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 2 बजे नवविवाहिता रचना लोधी ने अपने घर के आंगन में लगे पेड़ के अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जब परिजनों ने आंगन में रचना का शव देखा तो घर में कोहराम मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए राहतगढ़ सिविल अस्पताल भिजवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर प्राथमिक साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतका रचना लोधी की शादी करीब तीन साल पहले राहतगढ़ निवासी नीरज लोधी से हुई थी। दंपति का एक छोटा बच्चा भी है, जिससे इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही रचना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते रचना ने यह अत्यंत दुखद कदम उठाया। वहीं, पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि दहेज प्रताड़ना की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां एक मासूम जान असमय चली गई।