सागर- शादी के 3 साल बाद युवक की संदिग्ध मौत, नोट ने खोले राज, ससुराल और पत्नी के आरोप आमने-सामने
एमपी के सागर जिले के खिमलासा थाना क्षेत्र के भरछा गांव से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय युवक ने शादी के ठीक तीन साल बाद अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। युवक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जबकि पत्नी ने पति पर शराब के नशे में मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पूरे मामले को संदिग्ध बताया है। खास बात यह है कि मामला कोर्ट में लंबित था और दो दिन बाद ही पेशी होनी थी,
लेकिन उससे पहले युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक युवक की पहचान सोमत अहिरवार के रूप में हुई है। उसके बड़े भाई दशरथ अहिरवार ने बताया कि सोमत की शादी तीन साल पहले खुरई के पॉलिटेक्निक कॉलेज क्षेत्र निवासी राखी अहिरवार से हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता गया, जिसके चलते पत्नी मायके में रहने लगी। दंपती के दो छोटे बच्चे भी हैं। मामला न्यायालय में चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि सोमत जब भी अपनी पत्नी को लेने ससुराल जाता, तो उसके साथ मारपीट की जाती, रुपयों की मांग की जाती और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया जाता था। इसी मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना से टूटकर सोमत ने यह खौफनाक कदम उठाया। मृतक के पास से एक नोट भी मिला है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है।
वहीं दूसरी ओर, ससुराल पक्ष और पत्नी राखी अहिरवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पत्नी का कहना है कि सोमत शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता था, जिससे तंग आकर वह मायके आ गई थी। राखी ने यह भी सवाल उठाया कि उसका पति अनपढ़ था, तो फिर नोट किसने लिखा—यह पूरे मामले को संदेहास्पद बनाता है। फिलहाल खिमलासा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नोट, पारिवारिक विवाद, कोर्ट केस और दोनों पक्षों के बयानों की बारीकी से जांच कर रही है।