Sagar- भगवान के मंदिर को भी नहीं बख्शा! केसली में लाखों की चोरी, चोरों के हौसले बुलंद
सागर जिले के केसली क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न पुलिस का डर है और न ही भगवान का। ताजा मामला गौरझामर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जैतपुर का है, जहां चोरों ने एक पवित्र मंदिर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्राम जैतपुर में स्थित गुरु महराज मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। मंदिर में विराजमान भगवान राधा-कृष्ण और श्री राम जानकी रमण के सोने-चांदी के कीमती गहने, मुकुट, छत्र और अन्य आभूषण चोर अपने साथ ले गए। ग्रामीणों के अनुसार चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब आठ से नौ लाख रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर के ताले टूटे मिले और भगवान के श्रृंगार के आभूषण गायब थे। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और मामले की जानकारी तत्काल 112 पर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर गौरझामर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर गांव की आस्था का केंद्र है और यहां इस तरह की चोरी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद चोरों में पुलिस का कोई भय नजर नहीं आ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा नहीं गया, तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाए और मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अभिषेक चौबे ग्रामीण ने बताया कि यह मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है। चोरों ने भगवान के गहने तक नहीं छोड़े। हम चाहते हैं कि पुलिस जल्द कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक चोरों के हौसले बुलंद रहेंगे और लोगों की आस्था इस तरह लुटती रहेगी।