Sagar - पुराने गुड्स केबिन से मिला नर कंकाल, बीना रेलवे जंक्शन पर सनसनी, जांच में जुटी GRP–RPF
सागर जिले के बीना रेलवे जंक्शन पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्टेशन परिसर में स्थित पुराने गुड्स केबिन के अंदर एक सड़ी-गली हालत में नर कंकाल मिला। इस खौफनाक दृश्य के सामने आते ही पूरे रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे का एक कर्मचारी जब नियमित निरीक्षण के दौरान लंबे समय से बंद पड़े पुराने गुड्स केबिन को खोलने पहुंचा, तो अंदर का दृश्य देखकर वह घबरा गया। केबिन के भीतर फर्श पर एक नर कंकाल पड़ा हुआ था, जिसकी हालत बेहद खराब थी। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह गुड्स केबिन लगभग एक साल से बंद पड़ा था और आमतौर पर यहां किसी की आवाजाही नहीं होती थी। आशंका जताई जा रही है कि मृतक का शव काफी लंबे समय से इसी केबिन में पड़ा रहा, जिसके कारण अब वह कंकाल में तब्दील हो चुका है। प्रारंभिक अनुमान में शव करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल गुड्स केबिन को सील कर दिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। फॉरेंसिक टीम के पहुंचने के बाद मौके से साक्ष्य जुटाए जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत सामान्य है या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण छिपा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह नर कंकाल किसका है, उसकी जान कैसे गई और कब गई । फिलहाल आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है। बीना रेलवे जंक्शन जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह कंकाल मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी जान जाने से पर्दा उठा सकती हैं।