सागर में भाजपा की रणनीतिक बैठक, गौरव रणदिवे का कांग्रेस पर तीखा हमला
आगामी 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती एवं जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर भाजपा द्वारा मनाए जा रहे “अटल स्मृति वर्ष” को लेकर सागर में जिला स्तरीय कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। गौरव रणदिवे ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी करिश्माई नेतृत्व के धनी और भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। उस दौर में जब प्रचार के साधन सीमित थे, तब भी उनकी सभाओं में जनसैलाब उमड़ता था। अटल जी सुशासन, राजनीतिक शुचिता और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक थे। उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अटल जी के विकसित भारत के सपने को साकार करने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए रणदिवे ने कहा कि वर्षों तक कांग्रेस ने देश के सच्चे नायकों की गौरवगाथा को दबाया और गढ़े हुए विमर्श थोपे। आज भाजपा सरकार वीर बाल दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का बलिदान पूरे देश के लिए प्रेरणा है, लेकिन कांग्रेस ने कभी उनके शौर्य को उचित सम्मान नहीं दिया। प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि अब उन्हें भोपाल या इंदौर आने की जरूरत नहीं है, वे स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे। संगठन की मजबूती के लिए हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है।
बैठक में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर को विराट कवि सम्मेलन, 24 दिसंबर को दीपोत्सव एवं स्वच्छता अभियान तथा 25 दिसंबर को सुशासन दिवस, चित्रकला प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। बैठक में विधायक, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में बैठक के बाद गौरव रणदिवे ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संवाद भी किया।