11 लाख की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
एमपी के छिंदवाड़ा देहात थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद किया है। बरामदगी में वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार और चोरी की गई टाटा टियागो कार भी शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी हैं। यह पूरा मामला 3 दिसंबर का है। देहात थाना क्षेत्र की एसआर कॉलोनी, पोआमा में रहने वाले एक फॉरेस्ट कर्मचारी के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घटना के समय फरियादी की पत्नी और बेटी घर पर मौजूद नहीं थीं। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर का ताला तोड़ा और सोने-चांदी के जेवरात के साथ टाटा टियागो कार चोरी कर फरार हो गए।
दोपहर में जब परिवार घर लौटा, तो ताला टूटा हुआ और घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। तत्काल देहात थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार दबिश और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 7 लाख रुपए की क्रेटा कार, लगभग 1 लाख रुपए की टाटा टियागो कार और करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इस तरह कुल 11 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख आरिफ (27) – नागपुर, राहुल मर्सकोले (24) – बालाघाट, संदीप टेमरे (26) – सिवनी, पुष्पा पारवे (50) – नागपुर, मंगेश पारवे (29) – नागपुर शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अलग-अलग जिलों और राज्यों में सूने मकानों को निशाना बनाता था। देहात थाना पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।