ई-रिक्शा चालक की आपसी कहा सुनी में म-र्ड-र , CCTV में कैद घटना और फिर
शहर के सबसे व्यस्ततम और सुरक्षित माने जाने वाले दीनदयाल चौक स्थित ISBT क्षेत्र में रविवार शाम एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जिसने पूरे जबलपुर को दहशत में डाल दिया। यहां पवन नामक ई-रिक्शा चालक की बीच सड़क पर तालिबानी अंदाज़ में गला रेतकर मर्डर कर दिया। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी युवक पहले पवन का रास्ता रोकता है और फिर अचानक चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर देता है। कुछ ही सेकंड में पवन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ता है, जबकि आरोपी बेखौफ होकर मौके से फरार हो जाता है। यह दृश्य इतना खौफनाक है कि देखने वालों की रूह कांप उठे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक और निर्मम था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग चुका था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश मर्डर की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद दीनदयाल चौक जैसे हाई-सिक्योरिटी और भीड़भाड़ वाले इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर इतनी भीड़ और पुलिस गश्त वाले इलाके में ऐसी वारदात हो सकती है, तो आम नागरिक कितने सुरक्षित हैं? पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल शहर में इस नृशंस हत्या की चर्चा हर जुबान पर है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।