जेपी नड्डा के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, इंदौर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
एमपी के इंदौर में सियासी सरगर्मी चरम पर नजर आई, जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के आगमन पर शहर पूरी तरह भगवामय हो गया। इंदौर एयरपोर्ट पर जैसे ही जेपी नड्डा पहुंचे, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पारंपरिक मालवी पगड़ी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन साफ तौर पर देखने को मिला। एयरपोर्ट परिसर में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कैबिनेट मंत्री, विधायक, संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, नारों की गूंज और फूल-मालाओं से पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया। कार्यकर्ताओं में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर खासा जोश देखने को मिला।
मंच से संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने इंदौर भाजपा इकाई की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पार्टी और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि भाजपा का संगठन जमीनी स्तर पर कितना मजबूत है। जिस गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया गया, उसके लिए उन्होंने इंदौर के सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। जेपी नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के चेहरों पर जो जोश, उमंग और आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है, वह इस बात का संकेत है कि सभी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन पूरी एकजुटता के साथ विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन के नेतृत्व में हेमंत खंडेलवाल की टीम और सरकार की ओर से मुख्यमंत्री मोहन यादव, वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित सभी जनप्रतिनिधि जिस लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं, उसमें पूरी ताकत से सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज और देश को आगे बढ़ाना है। अपने संबोधन के अंत में जेपी नड्डा ने एक बार फिर कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर कार्यकर्ता पूरी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देगा।