अतिक्रमण हटाने के दौरान दंपती ने कर दी बड़ी कहासुनी और फिर जेसीबी पर पथराव |SAGAR TV NEWS|
एमपी के देवास जिले के सतवास नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस वक्त बड़े हंगामे में बदल गई, जब एक दंपती ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। यह सनसनीखेज घटना सतवास नगर के वार्ड क्रमांक 5 की है, जहां नगर परिषद, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हालात बेकाबू हो गए। जानकारी के अनुसार, बुधवार को सतवास तहसीलदार अरविंद दिवाकर नगर परिषद के अमले और पुलिस बल के साथ वार्ड क्रमांक 5 में नाली पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण हटाए जा रहे मकान के मालिक संतोष व्यास और उसकी पत्नी ने विरोध स्वरूप अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
आग लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और मौजूद लोगों ने किसी तरह दंपती को बचाया। घटना के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। गुस्साई भीड़ ने नगर परिषद की जेसीबी मशीन पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख तहसीलदार, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा। कुछ समय के लिए सतवास नगर में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि वार्ड क्रमांक 5 निवासी मोहनदास पिता रामदास बैरागी ने तहसीलदार को आवेदन देकर शिकायत की थी कि उनके पड़ोसी संतोष व्यास ने सार्वजनिक नाली पर अतिक्रमण कर मकान बना लिया है। इससे नाली जाम हो गई थी और क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी। शिकायत के बाद मंगलवार को तहसीलदार द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया था, जहां पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी। बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके दौरान यह गंभीर घटना घटित हुई।
ऐसे प्रयास में झुलसे संतोष व्यास और उसकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर के अस्पताल रेफर किया गया है, जहां दोनों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सतवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं कुछ देर बाद एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।