मर्डर के आरोपी का मकान तोड़ने की मांग पर पुलिस–ग्रामीणों में धक्कामुक्की और फिर नाबालिग घायल
एमपी के आगर मालवा जिले के बड़ौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरौली में बुधवार सुबह उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब एक नाबालिग की मर्डर के बाद आरोपी के मकान को तोड़ने की मांग को लेकर ग्रामीण और पुलिस आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्कामुक्की हो गई, जिसमें एक नाबालिग लड़की घायल हो गई। घायल को इलाज के लिए आगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, दो दिन पहले ग्राम गिरौली में जमीन और मकान निर्माण को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। आरोप है कि कन्हैयालाल नामक व्यक्ति ने अपने ही सगे भतीजे बहादुर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय बहादुर सिंह को इलाज के लिए उज्जैन रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी जान चली गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।
बुधवार सुबह ग्रामीण आरोपी ताऊ कन्हैयालाल के मकान को अवैध बताते हुए उसे तोड़ने की मांग पर अड़ गए। इसी दौरान पुलिस गवाह शंभूसिंह को लेने गांव पहुंची थी। बातचीत के दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसमें गवाह शंभूसिंह की नाबालिग बहन को चोट लग गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त एसपी रविंद्र कुमार बोयट, एसडीएम मिलिंद ढोके, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, बड़ौद और कानड़ थाना प्रभारी समेत करीब चार दर्जन पुलिस अधिकारी-कर्मचारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
एसडीएम मिलिंद ढोके ने बताया कि आरोपी के मकान निर्माण की जांच पटवारी के माध्यम से कराई जा रही है। यदि सीसी रोड या शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अतिरिक्त एसपी रविंद्र कुमार बोयट ने बताया कि हत्या के मामले में आरोपी कन्हैयालाल और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप भी लगाया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।