सागर-जमुनिया–चिखली स्कूल में खेलों का महासंग्राम, फाइनल मुकाबलों के साथ वार्षिक खेल उत्सव का भव्य समापन
सागर-जमुनिया–चिखली स्कूल में खेलों का महासंग्राम, फाइनल मुकाबलों के साथ वार्षिक खेल उत्सव का भव्य समापन
जमुनिया–चिखली स्कूल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन
सागर जिले के देवरी विधानसभा के जमुनिया–चिखली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में खेल प्रतिभाओं का उत्सव उस समय अपने चरम पर पहुंच गया, जब वार्षिक खेल प्रतियोगिता का समापन फाइनल मुकाबलों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग एवं कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशानुसार आयोजित इस खेल महोत्सव ने विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। समापन समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल डिमोले, भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बीकेपी कॉलेज के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा, आश एक उम्मीद संस्था के अध्यक्ष संजय ब्रजपुरिया, जनपद पंचायत केसली के पूर्व उपाध्यक्ष नन्हे भाई लोधी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
फाइनल मुकाबलों के दौरान छात्रों ने दमदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में महारानी लक्ष्मीबाई ग्रुप ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम की कप्तान कुमारी दर्शना गोड़ (कक्षा 12वीं) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। विवेकानंद ग्रुप उपविजेता रहा। बालक वर्ग में रविंद्रनाथ टैगोर ग्रुप ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि हर्षित (कक्षा 12वीं) को मैन ऑफ द मैच का सम्मान मिला। भाला फेंक प्रतियोगिता में राकेश (कक्षा 12वीं) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी ताकत और तकनीक का शानदार परिचय दिया। दौड़ स्पर्धाओं में भी छात्रों का जोश देखने लायक रहा। 100 मीटर बालिका वर्ग में कुमारी अंशु राजपूत प्रथम, सुरक्षा कोरी द्वितीय और कुमारी मोनिका विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में राशि मिश्रा, प्राची गोड़ और प्रियंका यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
खेल प्रभारी शिक्षक ओम नारायण सिंह ठाकुर एवं डॉ. अरविंद यादव के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। कार्यक्रम के प्रायोजक बीकेपी कॉलेज देवरी द्वारा सभी विजेता एवं उपविजेता छात्रों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन अवसर पर डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। प्राचार्य भरत सिंह परिहार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पुरस्कार प्राप्त कर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिसने इस खेल उत्सव को यादगार बना दिया।