सट्टे के कथित नेटवर्क पर सरकार का वार,आज़ाद खान की क्रेडिट सोसाइटी पर मंत्री विश्वास सारंग का एक्शन
मध्यप्रदेश में सट्टे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अशोकनगर के कथित सटोरिये आज़ाद खान की क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी पर एमपी के भोपाल में मंत्री विश्वास सारंग ने कड़ा एक्शन लिया है। मंत्री के निर्देश पर आज़ाद खान से जुड़ी क्रेडिट सोसाइटी की सभी वित्तीय लेन-देन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। जानकारी के मुताबिक, अशोकनगर निवासी आज़ाद खान पर लंबे समय से सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित करने के आरोप लगते रहे हैं। इन्हीं आरोपों के मद्देनजर मंत्री विश्वास सारंग ने उसकी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी की गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने साफ कहा है कि अवैध कमाई और वित्तीय गड़बड़ियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री विश्वास सारंग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्रेडिट सोसाइटी की सभी ट्रांजैक्शन पर रोक लगाई जाए और पूरे मामले की गहन जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट करना होगा कि सोसाइटी के माध्यम से किन-किन खातों में लेन-देन हुआ और कहीं सट्टे की रकम को सफेद करने की कोशिश तो नहीं की गई। मंत्री सारंग ने दो टूक कहा है कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता, वित्तीय धोखाधड़ी या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह सोसाइटी का संचालक हो या फिर कोई अधिकारी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। जांच के दायरे में सोसाइटी से जुड़े अन्य लोग और लेन-देन भी आ सकते हैं। माना जा रहा है कि इस एक्शन से सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ा असर पड़ेगा और अन्य जिलों में भी ऐसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। फिलहाल आज़ाद खान की क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और सभी की नजरें अब 7 दिन में आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगी।