दिनदहाड़े ई-रिक्शा चालकों से कहासुनी, सड़क पर के वीडियो वायरल |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है। पंचशील नगर के लिंक रोड नंबर-3 स्थित गेट, सप्रे संग्रहालय के सामने दिनदहाड़े ऐसा तांडव मचा कि राहगीर दहशत में आ गए। खुलेआम कुछ बदमाशों ने ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाया, उन्हें बेरहमी से पीटा, गाड़ियों के कांच तोड़े और ई-रिक्शा पलटा दिए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग युवक सड़क के बीच ई-रिक्शा चालकों पर लाठी-डंडों और हाथों से हमला कर रहे हैं। एक ई-रिक्शा चालक को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा गया, जबकि आसपास खड़े लोग डर के मारे तमाशबीन बने रहे। कुछ ही पलों में इलाके में अफरातफरी मच गई और सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला आपसी विवाद से शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्साए बदमाशों ने एक के बाद एक ई-रिक्शा को निशाना बनाया, उनके शीशे तोड़ दिए और गाड़ियों को पलट दिया। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों समेत आम लोगों में भी दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि गुंडों ने पुलिस के सामने भी दबंगई दिखाते हुए उन्हें धमकाने की कोशिश की। पुलिस ने हालात को काबू में लिया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। दिनदहाड़े राजधानी की सड़कों पर इस तरह की गुंडागर्दी ने आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करती है, ताकि शहर में कानून का डर कायम हो सके।