नरसिंह मंदिर में रहस्यमयी पक्षियों की जोड़ी! सफेद रंग, डरावनी आवाजें और आस्था से जुड़ा रहस्य
एमपी के नरसिंहपुर के ऐतिहासिक और आस्था के प्रमुख केंद्र श्री नरसिंह मंदिर से इन दिनों एक बेहद चौंकाने वाली और रहस्यमयी खबर सामने आ रही है। मंदिर के ऊपरी गुंबद में स्थित एक पुराने और खंडहरनुमा कमरे में दिखाई दिए विचित्र सफेद रंग के पक्षियों का एक जोड़ा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक पक्षी आकार में छोटा है, जबकि दूसरा उससे काफी बड़ा बताया जा रहा है। इन दोनों की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों के मन में भी कौतूहल और जिज्ञासा बढ़ा दी है। दरअसल इन दिनों मंदिर परिसर में मरम्मत और जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। इसी दौरान जब कर्मचारी मंदिर के ऊपरी हिस्से में बंद गुंबद के पास पहुंचे, तो वहां से अचानक अजीब और डरावनी आवाजें सुनाई देने लगीं। कर्मचारियों ने बताया कि आवाजें इतनी असामान्य थीं कि वे घबरा गए और तुरंत नीचे आ गए। इसके बाद पुजारी और मंदिर समिति को सूचना दी गई, साथ ही आसपास मौजूद लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
जब सभी ने मिलकर गुंबद के पास जाकर देखा, तो वहां दो सफेद रंग के दुर्लभ पक्षी दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये पक्षी कभी सांप जैसी फुफकार निकालते हैं तो कभी तेज चीख जैसी आवाज करते हैं। उड़ान भरते समय इनकी गति इतनी तेज होती है कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। मंदिर से जुड़े श्रद्धालु इस घटना को धार्मिक दृष्टि से भी देख रहे हैं। उनका मानना है कि भगवान नरसिंह, भगवान विष्णु के अवतार हैं और विष्णु का वाहन गरुड़ है। ऐसे में इन पक्षियों को कुछ लोग आस्था और दिव्यता से जोड़कर देख रहे हैं। मंदिर के पुजारी का कहना है कि वर्ष 1985 में भी इसी तरह के पक्षियों का जोड़ा यहां देखा गया था, और करीब 40 साल बाद इनका दोबारा दिखना एक रहस्यमयी संकेत माना जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि ये पक्षी किसी दुर्लभ प्रजाति के हो सकते हैं, हालांकि अभी तक इनकी सही पहचान और वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हो पाई है। शैलेश बसेडिया भक्त ने बताया कि “यह कोई साधारण दृश्य नहीं है, इसमें जरूर भगवान की कोई लीला छिपी है।” पंडित प्रमोद सोनकिया पुजारी ने बताया कि “पहले भी ऐसा देखा गया था, यह स्थान हमेशा से रहस्यमय रहा है।” आस्था, रहस्य और प्रकृति के इस अद्भुत संगम ने नरसिंहपुर को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इन रहस्यमयी पक्षियों की सच्चाई आखिर क्या है।