भक्त बनकर आया चोर ! मंदिर में चरण वंदन, परिक्रमा के बाद चोरी, हनुमान जी से डरकर मुकुट छोड़ गया
एमपी के शहडोल जिले से एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जिसने श्रद्धा और अपराध के बीच अजीबो-गरीब तस्वीर पेश कर दी है। यह मामला वार्ड क्रमांक 34, रेलवे कॉलोनी स्थित श्री तिरुपति बालाजी मंदिर का है, जहां एक अज्ञात चोर ने चोरी से पहले ऐसा व्यवहार किया, मानो वह कोई सच्चा भक्त हो।
मंदिर में की गई यह अनोखी चोरी अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए सामने आई है और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि चोर मंदिर के बाहर अपने जूते उतारता है, फिर श्रद्धा भाव से प्रवेश द्वार पर चरण वंदन करता है। इसके बाद वह मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं की परिक्रमा करता है। पूरी प्रक्रिया देखने वालों को यही लगता है कि कोई भक्त पूजा-अर्चना करने आया है, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सभी को चौंका दिया।
परिक्रमा के बाद चोर ने श्री बालाजी, माता लक्ष्मी और भू देवी की प्रतिमाओं पर लगे चांदी के मुकुट उतारे। इसके बाद वह नीचे स्थित राम दरबार पहुंचा और भगवान राम व लक्ष्मण की प्रतिमाओं से भी चांदी के मुकुट निकालकर अपने बैग में रख लिए। हैरानी की बात यह रही कि मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा के पास पहुंचने के बावजूद चोर ने उनके मुकुट को हाथ तक नहीं लगाया।
माना जा रहा है कि श्रद्धा या भय के कारण उसने हनुमान जी के मुकुट को छोड़ दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोर करीब 2 किलो चांदी के मुकुट चोरी कर फरार हो गया, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।
राम बाबू मंदिर समिति अध्यक्ष ने बताया कि जिस तरह चोर ने पहले पूजा-पाठ की और फिर चोरी की, यह बहुत ही चौंकाने वाला है। हम चाहते हैं कि आरोपी जल्द पकड़ा जाए। राघवेंद्र द्विवेदी CSP, शहडोल ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। श्रद्धा के स्थान पर हुई इस अनोखी चोरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह डर था, भक्ति थी या सिर्फ एक चाल? फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और शहर में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।