ढाबे से लौटते वक्त कार और डंपर आये आमने-सामने फिर 3 दोस्तों की मौ-त, बर्थडे की खुशियां मातम में बदलीं
एमपी के विदिशा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जन्मदिन की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। जन्मदिन पार्टी मनाकर लौट रहे छह दोस्तों की कार सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा रविवार रात करीब 1:30 बजे मेलुआ चौराहे के पास हुआ। कुरवाई थाना पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 21 वर्षीय अंकित साहू, 19 वर्षीय तन्मय शर्मा और 30 वर्षीय जगदीश साहू के रूप में हुई है। हादसे के वक्त कार चला रहे जगदीश साहू की भी मौके पर ही जान चली गई। कार में आगे और बीच की सीट पर बैठे युवक टक्कर के बाद सीटों में बुरी तरह फंस गए थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के पिछले हिस्से में पूरी तरह घुस गया। कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शवों को बाहर निकालना आसान नहीं था। जेसीबी मशीन की मदद से पहले कार को अलग किया गया, फिर सीटें काटकर शवों को बाहर निकाला गया। हादसे में जगदीश गोंड, मोंटी अहिरवार और तन्मय श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को पहले कुरवाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक तन्मय शर्मा का उसी दिन जन्मदिन था। वह अपने पांच दोस्तों के साथ शिवशंकर ढाबे पर पार्टी मनाने गया था। देर रात सभी कार से कुरवाई लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। बर्थडे सेलिब्रेशन से लौट रही यह कार कुछ ही पलों में मौत का सफर बन गई।
19 वर्षीय तन्मय शर्मा फर्स्ट ईयर का छात्र था और अपने परिवार का छोटा बेटा था। पिता मजदूरी करते हैं, मां प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। अंकित साहू प्राइवेट नौकरी करता था, जबकि जगदीश साहू की खुद की दुकान थी। हादसे के बाद कुरवाई में शोक की लहर है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की अनदेखी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। जन्मदिन की खुशियां कुछ ही पलों में तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गईं।