Sagar -नए साल को लेकर सागर पुलिस एक्शन मोड में,किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
मध्यप्रदेश के DGP कैलाश मकवाना के आदेश का सागर में भी असर देखने को मिल रहा है। नए साल के मद्देनजर सागर पुलिस का सघन पैदल गश्त और वाहन चेकिंग अभियान तेजी से चल रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने के अलावा असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगी।
दरअसल आगामी नववर्ष को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से एसपी विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में जिले भर में सघन पैदल गश्त और वाहन चेकिंग अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। इस संबंध में एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, यातायात प्रभारी को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की कानून-विरुद्ध गतिविधि पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।
अभियान के तहत एडिशनल एसपी लोकेश कुमार सिन्हा, CSP, यातायात के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों के अलावा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल द्वारा लगातार पैदल गश्त और वाहन चेकिंग की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी को लेकर बीते दिन शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। गौरतलब है की शराब पीकर वाहन चलाने पर न्यूनतम 10 हजार रुपये का चालान के अलावा अन्य दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
सागर पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि नए साल के मौके पर कानून का पालन करें, संयम और जिम्मेदारी से उत्सव मनाएं। पुलिस चौराहों पर तैनात है पुलिस का साफ संदेश है की किसी भी प्रकार की कानून-विरुद्ध गतिविधि, लापरवाही या हुड़दंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।------