कंटेनर ने बाइक सवार को उड़ाया फिर मौके पर मौ-त, गुस्साए परिजनों ने दमोह–छतरपुर हाईवे किया जाम
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोह–छतरपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बकायन गांव के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक सवार व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, मगरौन थाना क्षेत्र के झागरी गांव निवासी पूरन अहिरवार 50 साल की मंगलवार दोपहर बाइक से बकायन गांव आए थे। जैसे ही वे मुख्य मार्ग पर पहुंचे, उसी दौरान एक कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरन अहिरवार की मौके पर ही जान चली गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया, जिसे बाद में बटियागढ़ पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालते हुए शव को सड़क से हटाया, लेकिन परिजनों का आक्रोश कम नहीं हुआ। मृतक के परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए और दमोह–छतरपुर हाईवे पर जाम लगा दिया।
यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जिसके बाद करीब एक घंटे से अधिक समय तक हाईवे पूरी तरह जाम रहा। जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस गए।
बटियागढ़ थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। परिजन कंटेनर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक दोषी पर सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक प्रदर्शन समाप्त नहीं किया जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोग पहले से ही नाराज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।