सागर- मुस्लिम युवक की लौटी आवाज, हनुमान भक्ति का चमत्कार! मड़खेड़ा धाम में श्रद्धा से गूंजा सिद्ध हनुमान मंदिर
आस्था और विश्वास की शक्ति को दर्शाने वाला एक अनोखा मामला मध्यप्रदेश के सागर जिले से सामने आया है। राहतगढ़ ब्लॉक के विदिशा रोड पर स्थित मीरखेड़ी गांव के मड़खेड़ा धाम स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में एक मुस्लिम युवक के साथ घटित घटना इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि हनुमान जी की कृपा से युवक की पूरी तरह चली गई आवाज वापस लौट आई। बताया जाता है कि भगवान श्री राम के अनन्य भक्त हनुमान जी अपने भक्तों की सच्ची आस्था से प्रसन्न होकर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी विश्वास के साथ हर मंगलवार को मड़खेड़ा धाम में दिव्य दरबार का आयोजन होता है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह मंदिर सागर जिले से करीब 13 किलोमीटर दूर राहतगढ़ क्षेत्र में स्थित है और सिद्ध संत मौनी बाबा की प्रेरणा से संचालित इस दरबार को विशेष महत्व प्राप्त है।
मुस्लिम समाज के युवक गोलू खान ने बताया कि कुछ समय पहले अचानक उनके गले की आवाज पूरी तरह चली गई थी। कई जगह इलाज कराया गया, लेकिन राहत नहीं मिली। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी और कहा था कि सर्जरी के बिना आवाज लौटना मुश्किल है। इसी बीच किसी परिचित ने उन्हें मड़खेड़ा धाम के दिव्य दरबार के बारे में बताया। गोलू खान दरबार में पहुंचे, जहां पंडित पवन पाराशर ने उन्हें पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने की सलाह दी। युवक ने पूरे विश्वास और श्रद्धा के साथ सभी धार्मिक क्रियाएं संपन्न कीं। इसके बाद, जैसा कि गोलू खान का दावा है, धीरे-धीरे उनकी आवाज वापस आने लगी। कुछ ही समय में वे सामान्य रूप से बोलने लगे, जिससे वे स्वयं भी आश्चर्यचकित रह गए।
गोलू खान का कहना है कि डॉक्टरों ने जहां ऑपरेशन को ही एकमात्र रास्ता बताया था, वहीं इस दरबार में आकर बिना सर्जरी उनकी आवाज लौट आई। इस अनुभव के बाद उनका विश्वास और भी मजबूत हो गया। उन्होंने कहा कि धर्म और जाति से ऊपर आस्था होती है और सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती। स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, मड़खेड़ा धाम में इससे पहले भी कई चमत्कार सामने आ चुके हैं। लोगों का विश्वास है कि यहां मांगी गई मनोकामनाएं शीघ्र पूर्ण होती हैं। फिलहाल, यह घटना क्षेत्र में आस्था, सौहार्द और विश्वास का प्रतीक बनकर सामने आई है।






सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.