Sagar- सड़क पर दौड़ती फिर एक स्कूटी में लगी आग, 24 दिन में आग लगने का तीसरा मामला
सागर जिले के खुरई में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब एक स्कूटी में से अचानक धुआं निकलने लगा, और कुछ ही देर में आग लग गयी। इस घटना में दो बहनें बाल-बाल बची। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया, वहीं हैरान करने वाली बात ये है की महज 24 दिनों में इस तरह की ये तीसरी घटना है। बताया जा रहा है कि खुरई के जेल रोड स्थित लव-कुश चौराहा के पास स्कूटी में अचानक आग लग गयी।
जानकारी के मुताबिक खुरई के रुसल्ला रोड पर रहने वाले खिलान अहिरवार की बेटी रिंकी अपनी छोटी बहन के साथ बाजार में सामान लेने के लिए गई हुई थी। वहां से लौटकर अपने घर जा रही थी कि घर से कुछ ही दूरी पर उसकी स्कूटी से धुआं निकलने लगा और फिर कुछ ही देर में आग लग गई। जिसे आसपास के लोगों ने बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। इस घटना में स्कूटी सवार दोनों बहनें बाल-बाल बच गई।
यहां बता दें की पहली घटना पिछले साल बीते महीने 6 दिसंबर को खुरई के नरोदा गांव के पास हुई थी, जहां एक नाबालिग लड़का गांव के पास किराने का सामान लेने जा रहा था, जहां टीवीएस कंपनी की जुपिटर में आग लग गई थी। दूसरी घटना बीते महीने ही 15 दिसंबर को खुरई के नेहरू स्टेडियम के सामने ई रिक्शा में बैटरी में जोरदार धमाका हुआ था। इसके बाद यह तीसरी घटना हुई। हालांकि गनीमत की बात ये है की तीनों घटनाओं में कोई भी हताहत नहीं हुआ।