सागर के इस गांव में न कोई शराब पीएगा, न शराब बेचेगा, पूर्ण रूप से हुई शराबबंदी
सागर जिले के रहली इलाके में अचानक सैंकड़ों की संख्या में युवा, महिलाएं और पुरुष सड़कों पर उतर आए, युवाओं की जुबान पर जहां नारों के उद्घोष था वहीं महिलाएं और यहां तक की बच्चों के हाथों में तख्तियां थी। ये सभी एक स्वर में बोल रहे थे कि गांव में न कोई शराब पीयेगा न ही गांव में अब से शराब बेची जाएगी, अगर कोई भी ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाई की जाएगी। अगर ऐसा करते हुए कोई भी पाया जाता है तो उस पर 11 हजार रुपये के जुर्माने की कार्यवाई की जाएगी।
मामला जुड़ा है रहली विधानसभा के पटना बुजुर्ग गांव से, जहां भगवती मानव कल्याण संगठन और सभी गांव वालों की सर्व सम्मति से पूर्ण शराबबंदी का निर्णय लिया गया है। मंदिर में भगवान श्री राम जी को साक्षी मानकर सभी ने इकट्ठे होकर सामूहिक रूप से इस बात की शपथ भी ली की न गांव का कोई भी व्यक्ति शराब पीयेगा और न ही कोई शराब बेचेगा।
पटना बुजुर्ग गांव के लोगों ने यह ऐलान कर दिया है कि गांव में पूरी तरह से शराब बंदी कर दी गयी है। इसको लेकर जश्न भी मनाया गया। वो भी ऐसा वैसा नहीं बल्कि रमतूला और ढोल बजाए गए। सड़कों पर जुलूस निकाला गया। नारों के उद्घोष से बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने यही बात को दोहराया की अब न शराब बेची जाएगी न कोई शराब पीयेगा।
इसी को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्य और गांव वालों ने एक विशाल जुलूस पूरे गांव में निकाला, जिसमें बच्चे, युवा, पुरूष और महिलाएं शामिल हुई।