सागर- अवैध शराब को लेकर महिलाओं ने खोला मोर्चा, घरों में घुसकर पकड़ी शराब |SAGAR TV NEWS|
बढ़ती शराबखोरी से परेशान महिलाओं ने खुद ही कमान संभालते हुए अवैध शराब को लेकर मोर्चा खोल दिया। और उन्होंने खुद जाकर घरों से शराब पकड़ी है। और पुलिस को सौंप दी। मामला सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना इलाके से सामने आया है। दरअसल गांव-गांव में चल रही शराबबंदी की मुहिम के तहत हरदी मादों गांव में आदिवासी महिलाओं का रौद्र रूप देखने को मिला। महिलाओं ने न केवल अवैध शराब बेचने वालों के घरों पर दबिश दी, बल्कि भारी मात्रा में शराब पकड़कर पुलिस के हवाले भी की।
जानकारी के मुताबिक हरदी मादों गांव की आदिवासी महिलाएं संगठित होकर अवैध शराब विक्रेताओं के घर पहुंचीं। महिलाओं ने तलाशी के दौरान प्रकाश कोरी के पास से 56 पाव अवैध शराब वहीं एक अन्य मुलु गौंड के पास से भी अवैध शराब जब्त की। महिलाएं इस शराब को लेकर सीधे गढ़ाकोटा थाने पहुंचीं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही ग्रामीण महिला वैजयंती आदिवासी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा की गांव में धड़ल्ले से अवैध शराब बिक रही है। जिससे सभी महिलाएं और परिवार परेशान हैं। शराब के कारण आए दिन घरों और मोहल्लों में लड़ाई और मारपीट की घटनाएं होती हैं। बच्चों के भविष्य और घर की शांति के लिए यह मोर्चा संभाला है। सभी चाहते हैं कि गांव में पूर्ण शराबबंदी हो।
गौरतलब है कि पूरे क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर एक बड़ा अभियान चल रहा है। दर्जनों गांवों में पहले ही ग्रामीण एकजुट होकर शराबबंदी लागू करवा चुके हैं। हरदी मादो गांव की इस घटना ने अब अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक मिसाल पेश की है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया की प्रकाश कोरी और मुलु गौंड पर आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।