ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, दिनदहाड़े कत्ल करने वाले 7 आरोपी गिरफ्त में, CCTV ने खोला राज
एमपी के जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आपसी रंजिश में युवक की बेरहमी से चाकुओं से गोदकर मर्डर कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक विधि विवादित बालक सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। यह वारदात 3 जनवरी 2026 को भोपाल-जबलपुर हाईवे पर स्थित सहजपुर ब्रिज की सर्विस रोड पर सामने आई थी। दोपहर के समय सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया था। मृतक की पहचान महेंद्र उर्फ अभिषेक साहू (27 वर्ष) निवासी ग्राम भुवारा, थाना पाटन के रूप में हुई। युवक के चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव मिले थे, जिससे साफ था कि मर्डर बेहद निर्ममता से की गई।
ग्राम कोटवार मट्टूलाल चहार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दोपहर करीब 12:40 बजे कुछ युवकों को घटनास्थल से भागते देखा था। पीछा करने पर अरविंद पटेल के प्लॉट के सामने एक स्कॉर्पियो वाहन के पास युवक का शव पड़ा मिला। इससे स्पष्ट हो गया कि मर्डर के बाद आरोपी फरार हो चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि मृतक का पुराना विवाद सौरभ ठाकुर उर्फ कालू से था, जो मर्डर की वजह बना।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलों—पल्सर और हीरो डिलक्स—से मौके पर पहुंचे थे। नकुल कोल और नितिन उर्फ गज्जू बर्मन ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर महेंद्र उर्फ अभिषेक की मौके पर ही मर्डर कर दिया गया था। पुलिस ने नकुल कोल, नितिन उर्फ गज्जू बर्मन, दुर्गेश बर्मन, दीपक बर्मन, सौरभ ठाकुर उर्फ कालू, अनिकेत उर्फ नंदी कोल और एक 16 वर्षीय विधि विवादित बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर दो बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।