Sagar - खुरई में मुख्यमंत्री के स्वागत की ऐतिहासिक तैयारी, पूर्व मंत्री बोले विकास का नया अध्याय होगा शुरू
मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव आगामी 10 जनवरी को पहली दफा सागर जिले के खुरई पहुंचेंगे। जहां नगर आगमन पर ऐतिहासिक और अविस्मरणीय स्वागत होगा। अंग्रेजी वर्ष के नये साल पर मुख्यमंत्री के खुरई आगमन से यहां की विकास यात्रा का एक नया अध्याय फिर से शुरू होगा। यह बात पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
बताया गया की मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के आगमन पर उनके सम्मान में स्वागत रैली रोड शो का रूट, आमसभा और विकास प्रदर्शनियों समेत व्यापक तैयारियों की विस्तार से जानकारी पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया की मुख्यमंत्री 12 बजे खुरई के घोरट रोड स्थित गुलाबरा बगीचा स्टेडियम स्थित हेलीपेड पर हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे। यहां से रोड शो के रूप में स्वागत रैली शुरू होगी।
रोड शो के साथ मुख्यमंत्री पुराने जनपद,परसा चौराहा, झंडा चौक महाकाली मंदिर, डोहेला किलागेट, पॉलीटेक्निक रोड होते हुए नवीन गल्ला मंडी के पास स्थित आमसभा स्थल पहुंचेगे। विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया की आमसभा स्थल पर मुख्यमंत्री खुरई विधानसभा क्षेत्र में 300 करोड़ की लागत से हो रहे विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। खुरई की विशेषता यहां के उन्नत कृषि यंत्रों का निर्माण है जिसे एक जिला एक उत्पाद के रूप में सागर जिले के मुख्य उत्पाद का दर्जा मिला है।