सागर में दान दाताओं की सुखद पहल , BMC को दान दी कई मशीनें, मरीजों को साबित होंगी वरदान
सागर में दान दाताओं की सुखद पहल , BMC को दान दी कई मशीनें, मरीजों को साबित होंगी वरदान
सागर में दान दाताओं ने फिर एक बार बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को उपकरण दान किये हैं। केन फिन होम्स लिमिटेड, सागर द्वारा डायलिसिस मशीन, ओटी लाइट, वाटर कूलर मशीन और कौटरी मशीन दान स्वरूप दी है। जिसके बाद मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में दानदाताओं का सम्मान किया गया।
बताया जा रहा है की इन मशीनों को दान देने के लिए बीएमसी के बायोमेडिकल इंजीनियर ऋग्वेद त्रिपाठी ने डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर और अधीक्षक डॉ. राजेश जैन से चर्चा कर केन फिन होम्स लिमिटेड से संपर्क किया था। अस्पताल की ज़रूरतों को देखते हुए कंपनी ने इन ज़रूरी मशीनों को दान में उपलब्ध कराया।
डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर ने मशीनों का विधिवत पूजन किया, इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने मशीनों का डेमोंस्ट्रेशन दिया। इस मौके पर डीन ने कहा कि पीड़ित मानवता के हित में किया गया दान सबसे बड़ा गुण है। दान से समाज और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलती है। साथ ही बताया की अस्पताल के कई विभागों को मिला दान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मरीजों के हित में लाभदायक होता है। डॉ. रमेश पांडेय ने कहा कि इन मशीनों से रोगियों के इलाज में और भी ज्यादा सुविधा और गुणवत्ता आएगी।
तो मीडिया प्रभारी डॉ. सौरव जैन के मुताबिक इन उपकरणों की अस्पताल को बेहद ज़रूरत थी, जिसे कंपनी ने पूरा किया है।
केन फिन होम्स के प्रभारी की माने तो मशीनों के उपयोग से आम जनता को लाभ पहुँचना ही सबसे बड़ा उद्देश्य है। ये मशीनें मरीजों के लिए वरदान सिद्ध होंगी। जिनका लगातार इस्तेमाल मरीजों के इलाज और ऑपरेशन में किया जाएगा। इस मौके पर कई विभागों के डॉक्टर समेत अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।--------