एक ट्रक से दूसरे ट्रक में भी लगी आग, चैंबर में सो रहे ड्राइवर और चालक ने कूदकर बचाई जान
नेशनल हाई-वे पर दो ट्रकों में अचानक ऐसी भयानक आग लगी की एक के बाद एक कई फायर ब्रिगेड से आग बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन आग इतनी भीषण थी की करीब चार घंटे काबू पाने में लग गए। इस हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई लेकिन दोनों ट्रक बुरी तरह जलने से काफी नुकसान होना बताया जा रहा है। घटना शिवपुरी जिले के कोलारस थाना इलाके से सामने आई है। जहां एनएच-46 पर पड़ौरा गुरुद्वारा के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक एक होटल के पास खड़े हुए थे। जिनमें अचानक आग भड़क उठी।
जानकारी के मुताबिक शिवपुरी पासिंग ट्रक में पुराने टायर भरे हुए थे, जो होटल के पास खड़ा था। ट्रक चालक मुकेश रावत वाहन खड़ा कर खाना खाने गया था। तभी देर रात ट्रक में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। जिसकी लपटें तेजी से फैलती हुई पास में खड़े राजस्थान पासिंग सीमेंट से भरे 22 पहिया ट्रक तक पहुंच गईं। बताया गया की इस ट्रक में चालक गोविंद और उसका हेल्पर सो रहे थे। आग लगते ही चालक ने ट्रक हटाने की कोशिश की, लेकिन आग भीषण रूप ले चुकी थी। जो केबिन तक पहुंच गई। चालक और हेल्पर ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
आगजनी की सूचना के बाद मौके पर कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर समेत पुलिस बल पहुंच गया था। कोलारस और शिवपुरी से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आग इतनी तेज थी की कई पानी के टैंकर भी बुलवाए गए। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
वहीं पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए पड़ताल शुरू की है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।