महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च, मृतकों को श्रद्धांजलि, मुआवजे को लेकर सरकार पर तीखा हमला
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए महिला कांग्रेस ने बुधवार शाम शहर के रीगल चौराहे पर कैंडल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर एकत्रित हुईं और मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरे माहौल में शोक और आक्रोश दोनों साफ नजर आए। कैंडल मार्च का नेतृत्व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने किया। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा की घटना कोई हादसा नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। रीना बौरासी ने सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दी गई 2 लाख रुपये की सहायता राशि को बेहद कम बताते हुए इसे पीड़ित परिवारों के साथ अन्याय करार दिया।
रीना बौरासी ने साफ शब्दों में कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर का सदस्य खोया है, उनके दर्द की भरपाई महज 2 लाख रुपये से नहीं हो सकती। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक मृतक के परिवार को कम से कम 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाए और साथ ही परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में स्थायी नौकरी दी जाए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। इस दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में दूषित पानी की सप्लाई लंबे समय से हो रही थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो कई मासूम जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता शोभा ओझा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि यह केवल इंदौर की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की समस्या है। दूषित पानी की सप्लाई ने आम जनता की जान को खतरे में डाल दिया है और अब कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। महिला कांग्रेस ने आगे की रणनीति का ऐलान करते हुए बताया कि 11 मार्च को बड़ा गणपति चौराहे से राजवाड़ा तक “न्याय यात्रा” निकाली जाएगी। इस यात्रा के जरिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा, ताकि मृतकों के परिजनों को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।