दहशत फैलाने श्रद्धालुओं से मारपीट, बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस
मां नर्मदा के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं से मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों को धर दबोचा, वहीं उनका जुलूस भी निकालते हुए उन्हें सबक सिखाया गया। साथ ही घाट पर ले जाकर माफी भी मंगवाई। घटना का बीडीओ भी सामने आया था, जहां आरोपियों ने दहशत फैलाते हुए घटना को अंजाम दिया था। बता दें कि जबलपुर तिलवारा घाट स्थित राम भरोसे आश्रम में मारपीट किये जाने का मामला सामने आया था जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
बताया जा रहा है की आश्रम में रुके श्रद्धालुओं पर स्थानीय बदमाशों ने पथराव किया और एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है। घटना बीते 31 दिसंबर की देर रात की बताई जा रही है। जहां चार बदमाशों ने श्रद्धालुओं पर हमला किया था। मिली जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलने के बाद तिलवारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला और उन्हें घटना स्थल नर्मदा तिलवारा घाट ले जाया गया। यहां पुलिस ने बदमाशों से सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर माफी मंगवाई, साथ ही आरोपियों ने मां नर्मदा को प्रणाम कर भविष्य में अपराध न करने की कसम भी खाई।
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया की पांच आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।--------