Sagar - तेज रफ्तार कार ने राहगीर और बाईक को उड़ाया, दोनों के साथ अनहोनी
सागर जिले के खिमलासा के बीना रोड पर तेज रफ्तार फोर व्हीलर में बाइक को टक्कर मार दी जिसमें दो लोगों की जान चली गई यह हादसा कृषि उपज मंडी के पास हुआ जहां अनियंत्रित कार ने पहले एक राहगीर को और फिर बाइक को टक्कर मारी थी इस हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल है। घटना की जानकारी लगते ही खिमलासा पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक बाइक सवार प्रमोद अहिरवार निवासी बसाहरी जो खिमलासा से कुछ सामान लेकर अपने घर बसाहरी जा रहा था कि तभी कृषि उपज मंडी के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार वलेनो कार अनियंत्रित होकर बाइक सवार और ईंट भट्टे पर जा रहे राहगीर राजू उर्फ पप्पू आदिवासी निवासी बसाहरी को टक्कर मारते हुए सड़क से नीचे उतर कर झाड़ियों में जाकर फंस गई। घटना स्थल पर ही बाइक सवार और राहगीर ने दम तोड़ दिया।
जबकि कार चालक अजीत लोधी और कार सवार राघवेंद्र उर्फ डल्लू राजपूत कार में बुरे तरीके से फंस गए थे। घटना की सूचना लगते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और लोगों की मदद से कार का गेट तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। घटना में कार चालक अजीत लोधी गंभीर रूप से घायल है जबकि राघवेंद्र राजपूत सुरक्षित है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार शराब के नशे में थे। शुक्रवार की सुबह दोनों का पीएम किया जाएगा। फिलहाल खिमलासा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।