पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत तीन की मौ-त, बायपास पर तेज रफ्तार कार ट्रक में घु-सी और फिर
शुक्रवार तड़के एमपी के इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित बायपास पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। रालामंडल इलाके के पास तेज रफ्तार कार के ट्रक में पीछे से घुस जाने के कारण तीन युवाओं की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की 25 वर्षीय बेटी प्रेरणा प्रियंका बच्चन भी शामिल हैं। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, नेक्सन कार तेज गति से इंदौर बायपास पर जा रही थी, तभी वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक-युवतियां बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, जिन्होंने कटर की मदद से कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, कार में चार लोग सवार थे—पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा प्रियंका बच्चन, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल, मनप्रीत संधु और अनुष्का। चारों दोस्त प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे और कार प्रखर चला रहा था। हादसे में प्रेरणा, प्रखर और मनप्रीत संधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुष्का गंभीर रूप से घायल है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। हादसे की खबर फैलते ही पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन, कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल, परिजन और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में शोक और सन्नाटे का माहौल नजर आया।
इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायल युवती के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।