सागर- चोरों के हौसले बुलंद एक कार समेत लाखों कीमत के गहने ले उड़े चोर
सागर- चोरों के हौसले बुलंद एक कार समेत लाखों कीमत के गहने ले उड़े चोर
सागर के खुरई में चोरों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं। लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इसी तरह शहरी थाना क्षेत्र में भी अलग-अलग तीन जगहों पर चोरी की घटनाएं सामने आई। जहां चोरों ने एक कार समेत लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने चोरी के तीनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुरई शहर में लगातार चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। शहर में दिनों दिन चोरी की घटनाएं बढ़ने से लोगों में भी दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों को सूना भी छोड़कर नहीं जा पा रहे हैं।
बताया गया की खुरई के चंद्रशेखर वार्ड मलैया गली में रहने वाली प्रमिला पति डॉ राजेंद्र मलैया ने बताया कि कुछ दिन पहले वह काम से भोपाल गई हुई थी। उस दौरान वह पूरे जेवरात अपने साथ ले गई थीं। घर आकर पूरे जेवरात अलमारी के लॉकर में रख दिए। इसके तत्काल बाद पूरे परिवार के साथ मुंबई जाना हुआ। जब वापस लौटीं तो अलमारी के लॉकर में रखे बैग के अंदर से ज्वेलरी का डिब्बा गायब मिला। बैग में 5 तौला सोना, डायमंड का सेट, कान के झुमके, एक चांदी की अंगूठी समेत कुल 8 लाख 75 हजार रुपये के जेवरात चोरी चले गए। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं खुरई के खिमलासा रोड पर स्थित ऋषभ कुमार वार्ड में रहने वाले सुरजीत राजपूत के सूने मकान से चोरों ने अलमारी में रखा रानीहार और चार सोने की चूड़ियां के अलावा रजिस्ट्री के कागजात, बैंक पासबुकें, स्कूटी की चाबी, अन्य दस्तावेज सहित 97 हजार रूपए के जेवरात चोरी चले गए। घर की छत का दरवाजा तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे थे। पीड़ित ने थाने में शिकायत की है
इसके अलावा खुरई के बायपास रोड स्थित आदर्श नगर में रहने वाले डॉ भूपेंद्र कुर्मी ने बताया कि वह खिमलासा के अस्पताल में पदस्थ हैं। घर के बाहर उनकी कार खड़ी हुई थी। जो चोरी हो गई। तलाश करने पर भी कुछ पता नहीं चला। उन्होंने ने भी थाने पहुंचकर आवेदन दिया है। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।-