वृहद हिंदू सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज, महिलाएं खुद आमंत्रण दे रही
महिलाएं ढोल नगाड़ों के साथ घर-घर जा रही हैं। दुकानों में जाकर भी लोगों को पीले चावल देकर आमंत्रित किया जा रहा है। दरअसल उज्जैन के नागदा में आयोजित होने वाले वृहद हिंदू सम्मेलन को लेकर आमंत्रण दिए जा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर सुभाष बस्ती वासियों द्वारा आगामी 12 जनवरी को आयोजित होने वाले सम्मेलन को लेकर नगर में उत्साहपूर्ण वातावरण है। इसके आयोजन संयोजक योगेश जोनवाल और वर्षा मेहता को बनाया गया है। प्रचार-प्रसार के अंतर्गत जवाहर मार्ग, किरण टॉकीज के सामने सम्मेलन कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
सम्मेलन के प्रचार अभियान के तहत बस्ती में बैठकों का दौर, प्रभात फेरी, सुंदरकांड आयोजन, साथ ही मंडी पुलिस थाना चौराहा स्थित शिव मंदिर से सभी आयोजन कर्ता और महिला मंडल की अगुवाई में ढोल-नगाड़ों के साथ जनसंपर्क यात्रा शुरू की गयी। इस दौरान महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने बस्ती के रहवासियों को पीले चावल देकर सह-परिवार सम्मेलन में आमंत्रित किया। जनसंपर्क यात्रा महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर मार्ग, एप्रोच रोड, डॉ. शर्मा की गली, सिंधी गली, शारदा गली समेत कई अन्य मार्गों से होती हुई बद्री विशाल मंदिर पर संपन्न हुई।
बताया गया की हिंदू सम्मेलन की श्रृंखला में कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व में आमंत्रण पत्रकों का वितरण किया जा चुका है। साथ ही बीते एक हफ्ते से महिला मंडल द्वारा हर दिन प्रातः 6:30 बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कीर्तन करते हुए पूरी बस्ती की परिक्रमा की जा रही है।
आयोजकों ने बताया की 12 जनवरी को दोपहर 3:30 बजे से शिव-हनुमान मंदिर परिसर में सम्मेलन का आयोजन होगा।