अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, कार से पकड़ी गई 38 पेटी अंग्रेजी शराब, नाबालिग गिरफ्तार |SAGAR TV NEWS
एमपी के देवास।जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में देवास जिले की बरौठा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार के जरिए हो रही अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार से 38 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है और मौके से एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में शामिल अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बरौठा थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंदौर के खुड़ैल क्षेत्र से एक कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरकर देवास लाई जा रही है। सूचना मिलते ही बरौठा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 38 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है, जबकि शराब से भरी कार सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई जा रही है। मौके से पकड़े गए नाबालिग आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त शराब किसी लाइसेंसी शराब ठेकेदार मोनू सरदार की बताई जा रही है,
जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध तस्करी के पीछे संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। नाबालिग आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए अभिरक्षा में लिया गया है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बरौठा पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसी गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।