सागर कलेक्टर का आदेश मृत लोगों को कर दिया जिला बदर, 41 अपराधियों को किया जिला बदर
सागर कलेक्टर संदीप जी आर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय से एक आदेश जारी किया। जिसमें जिले के 41 आदतन अपराधियों को जिला बदर किया है। इसमें बीना, खुरई क्षेत्र के 8 लोगों के नाम लिस्ट में दिए गए हैं। जिनमें खुरई देहात थाना और खिमलासा थाने के एक-एक ऐसे व्यक्तियों के नाम है। जिनकी जान जा चुकी है। बावजूद इसके उनके नाम जिला बदर की सूची में शामिल हैं।
दरअसल कलेक्टर संदीप जीआर ने कार्यालय से एक आदेश जारी किया। जिसमें जिले के 41 आदतन अपराधियों को 5 महीने से एक साल तक के लिए जिला बदर किया गया है। इन आदतन अपराधियों में बीना अनुविभाग के दो और खुरई अनुविभाग के छह अपराधी हैं। खुरई के सरखड़ी गांव निवासी निरंजन राजपूत को 10 महीने के लिए जिला बदर किया गया है। जबकि निरंजन सिंह राजपूत की डेड बॉडी 46 दिन पहले जरुआखेड़ा चौकी क्षेत्र के जंगलों में पड़ा मिला था। उसके मर्डर का आरोप गांव के ही कुछ लोगों पर लगाया गया था।
क्योंकि एक ढाबे के फुटेज में युवकों द्वारा निरंजन से मारपीट दिखाई दी थी। जिसको लेकर जरुआखेड़ा चौकी में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा बीना अनुविभाग के गोविंद उर्फ भूरा अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 5 खिमलासा को 12 महीने के लिए जिला बदर किया गया है जबकि गोविंद उर्फ भूरा 27 अक्टूबर 2024 को खिमलासा थाना क्षेत्र के लहटवास गांव के पास मछली पकड़ने के दौरान करंट लगने से उसकी जान चली गयी थी। अब यह आदेश चर्चा का विषय बना हुआ है।