Sagar सर्राफा एसोसिएशन के नए अध्यक्ष का फैसला कल, त्रिकोणीय मुकाबले में कौन आगे जाने
सागर में सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह है। मंगलवार को बीएस जैन धर्मशाला में मतदान कराया जाएगा। इस बार चुनाव खास इसलिए है क्योंकि अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें कमलेश सोनी संजय पंडा और गोविंद जड़िया के बीच मुकाबला त्रिकोणीय और रोचक हो गया है। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए दो तथा मंत्री पद के लिए भी दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में अध्यक्ष पद पर केवल दो प्रत्याशी थे, लेकिन इस बार अधिक दावेदार होने से चुनावी माहौल गर्म है।
एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी राजीव बम, मक्खन लाल सोनी और पवन जड़िया ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार कुल 3000 रजिस्टर्ड मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर सराफा बाजार में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
57 वर्षीय कमलेश सोनी स्नातकोत्तर हैं। सराफा एसोसिएशन में उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह अयोध्यवादी स्वर्णकार समाज के पहले निर्वाचित अध्यक्ष और मध्यप्रदेश स्वर्णकला बोर्ड के सदस्य रहे हैं
संजय पंडा : 58 वर्षीय स्नातक हैं। पहली बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। पंडा 1984 सराफा के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं।
60 वर्षीय गोविंद जड़िया, समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं। छात्र राजनीति से शुरुआत कर वे 52 कॉलेजों के यूनिवर्सिटी एग्जीक्यूटिव रहे। 17 वर्ष निर्विरोध सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष रह चुके हैं।
कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी 52 वर्षीय बृजेश सोनी स्नातकोत्तर हैं। दूसरे 40 वर्षीय दावेदार विनीत नेपाली स्नातक हैं।
मंत्री पद के प्रत्याशी 44 वर्षीय गुड्डू सोनी स्नातक हैं। दूसरे प्रत्याशी 58 वर्षीय महेश सोनी स्नातकोत्तर हैं। ये पिछली कार्यकारिणी में मंत्री निर्वाचित हुए थे और एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।