मकर संक्रांति पर कुंडेश्वर पहुंचे केंद्रीय मंत्री, यहाँ हर वर्ष बढ़ रहा शिवलिंग |SAGAR TV NEWS|
बुंदेलखंड की प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटक नगरी शिवधाम कुंडेश्वर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आस्था, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस शुभ मौके पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कुंडेश्वर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन उपरांत केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने समस्त देशवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, क्योंकि इसी दिन सूर्य भगवान दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर गमन करते हैं, जिसे शुभता और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक माना जाता है। इसी के साथ शुभ कार्यों की शुरुआत भी होती है।
डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय परंपरा में ऋतु परिवर्तन के साथ जुड़े पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को ऊर्जा देते हैं। मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय एकता और विविधता का प्रतीक है। देश के अलग-अलग हिस्सों में यह पर्व लोहड़ी, पोंगल, बैसाखी जैसे नामों से मनाया जाता है, लेकिन भावनाएं और संदेश एक ही होता है—समरसता, आनंद और कल्याण। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर तिल और गुड़ की मिठास हमारे जीवन में आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश देती है। जैसे तिल-गुड़ की मिठास लोगों को आनंदित करती है, वैसे ही हमें भगवान भोलेनाथ की छत्रछाया में रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका यह प्रयास है कि भगवान शिव के आशीर्वाद से देश का हर नागरिक निरोगी, सुखी और समृद्ध रहे। इसी भावना के साथ उन्होंने सभी नागरिकों के मंगलमय जीवन की कामना की। मकर संक्रांति के अवसर पर शिवधाम कुंडेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्सव का वातावरण बना रहा।