शुक्ला ट्रेवल्स की बस का कहर, बाइक सवार को टक्कर के बाद बस धूं धूं कर जली, चालक फरार
एमपी के इंदौर शहर में एक बार फिर शुक्ला ट्रेवल्स की बसों का आतंक सामने आया है। मंगलवार अलसुबह राजकुमार ब्रिज के पास बल्लभ नगर चौराहे पर तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार संतोष को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर बाद हालात और भयावह हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बस के निचले हिस्से से चिंगारी निकलने लगी, जिसके कुछ ही समय बाद बस में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त बस में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल बाइक सवार संतोष कुछ समय के लिए बस के नीचे फंसा रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह है कि संतोष को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और उसका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूत्रों के मुताबिक, हादसे से आक्रोशित भीड़ द्वारा बस में आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जली हुई बस को इंदौर विधायक गोलू शुक्ला से जुड़ी शुक्ला ट्रेवल्स की बताया जा रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने बस के क्लीनर को हिरासत में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आग तकनीकी कारणों से लगी या किसी बाहरी हस्तक्षेप से। एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर शहर में बसों की तेज रफ्तार और लापरवाह संचालन पर सवाल खड़े कर रही है।