सीमेंट फैक्टरी होने के बावजूद स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं, फैक्टरी के बाहर प्रदर्शन
स्थानीय रोजगार की मांग को लेकर एमपी के दमोह में सीमेंट फैक्टरी के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का ऐसा आरोप है की क्षेत्र में फैक्टरी होने के बावजूद भी रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इसी को लेकर दमोह जिले के नरसिंहगढ़ में सीमेंट फैक्ट्री के बाहर युवाओं और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य दृगपाल सिंह और चंद्रभान सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारी रैली के रूप में फैक्ट्री परिसर तक पहुंचे। जहां उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानीय लोगों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फैक्ट्री क्षेत्र में संचालित होने के बावजूद आसपास के गांवों के युवाओं को रोजगार में पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
वहीं जिला पंचायत सदस्य दृगपाल सिंह ने कहा कि स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाना चाहिए। जिससे क्षेत्र के लोगों को आर्थिक मजबूती मिल सके।
तो चंद्रभान सिंह ने भी फैक्ट्री प्रबंधन से स्थानीय हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने फैक्ट्री के यूनिट हेड को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग रखी। जहां फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से ज्ञापन पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।