मकर संक्रांति की खुशियां मातम में बदलीं, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत |SAGAR TV NEWS|
मकर संक्रांति पर्व से ठीक पहले एमपी के भोपाल के बैरसिया में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बुधवार देर रात भोपाल रोड पर पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा इतना भयावह था कि खुशियों से भरा सफर पलभर में मातम में बदल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक और घायल विदिशा जिले के सिरोंज तहसील के मोहम्मदपुर और मसूरी गांव के रहने वाले थे। परिवार के लोग मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में नर्मदा नदी स्नान के लिए जा रहे थे। बैरसिया के विद्या विहार स्कूल के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन की भोपाल की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही बैरसिया थाना प्रभारी वीरेंद्र सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से बैरसिया के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें भोपाल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे में लक्ष्मी बाई अहिरवार, मुकेश अहिरवार, बबली बाई अहिरवार, हरी बाई अहिरवार और दीपक अहिरवार की मौत हुई है। जबकि सूरज अहिरवार, विनीता अहिरवार, पुनीत, मोनिका, महक, नूरी बाई, लल्लू, प्रदीप, ज्योति और सूरज घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिकअप वाहन अत्यधिक तेज रफ्तार में था और चालक नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की सूचना पर बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, विधायक विष्णु खत्री और एडिशनल एसपी नीरज चौरसिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की चेतावनी दे गया है।