बिना मास्क यूनियन कार्बाइड पहुंचे CM मोहन यादव, बोले कांग्रेस ने भोपाल में जहर फैलाया, हमने साफ किया
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण कर एक सख्त और प्रतीकात्मक संदेश दिया। जहरीले कचरे और गैस त्रासदी की भयावह यादों से जुड़े इस परिसर में सीएम मोहन यादव बिना मास्क पहुंचे। ऐसा करने वाले वे प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री माने जा रहे हैं। उनके इस कदम को सरकार ने हिम्मत, अपनत्व और जनता के साथ खड़े होने का प्रतीक बताया है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनियन कार्बाइड की विरासत में मिला जहर कांग्रेस की देन है, जिसे मौजूदा सरकार साफ करने का काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा, “कांग्रेस ने भोपाल में जहर फैलाकर रखा था, हमारी सरकार ने उसे हटाने और पीड़ितों को राहत देने का काम किया है।”
सीएम मोहन यादव ने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आपदाओं पर राजनीति करने की आदत हो गई है। “1984 में भोपाल गैस त्रासदी के समय कांग्रेस की सरकार थी। हजारों लोग मारे गए और वॉरेन एंडरसन को भागने दिया गया। आज वही कांग्रेस इंदौर की घटना पर लाशों पर राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को सरकार गंभीरता से ले रही है। पीड़ित परिवारों के इलाज, मुआवजे और जांच के लिए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। “हम दर्द समझते हैं, राजनीति नहीं करते। मृतकों के नाम पर राजनीति करने की कोशिश इंदौर की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी,” – उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा।
बिना मास्क यूनियन कार्बाइड परिसर में जाकर मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि सरकार डरकर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है। सीएम ने कहा कि जनता को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि अब प्रदेश में जहर नहीं, समाधान की राजनीति होगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीएम मोहन यादव का यह कदम न केवल प्रशासनिक संदेश है, बल्कि कांग्रेस के अतीत और वर्तमान रुख पर सीधा हमला भी है। यूनियन कार्बाइड जैसे संवेदनशील स्थल पर बिना मास्क जाना जहां एक ओर साहस का प्रतीक बताया जा रहा है, वहीं इसे सरकार के आत्मविश्वास के रूप में भी देखा जा रहा है। भोपाल गैस त्रासदी की काली यादों के बीच मुख्यमंत्री का यह संदेश साफ है— “जहर फैलाने वालों का इतिहास जनता जानती है, और उसे साफ करने वाले भी।