राहुल गांधी का सरकार पर तीखा हमला, बोले पानी पीकर लोग मर रहे हैं, यही है अर्बन मॉडल
राहुल गांधी का सरकार पर तीखा हमला, बोले पानी पीकर लोग मर रहे हैं, यही है अर्बन मॉडल
एमपी के इंदौर में दूषित पानी से गई जानों को लेकर सियासत तेज हो गई है। शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “पानी पीकर लोग मर रहे हैं, यही है नया अर्बन मॉडल और स्मार्ट सिटी की हकीकत।” राहुल गांधी ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार को इस त्रासदी की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। राहुल गांधी सबसे पहले बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी से बीमार मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद वे भागीरथपुरा पहुंचे, जहां दूषित पानी से जान गंवाने वाले गीता बाई और जीवनलाल के परिजनों से मिले। राहुल ने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी और आर्थिक सहायता के रूप में चेक सौंपे।
इसके बाद राहुल गांधी संस्कार गार्डन पहुंचे, जहां अन्य प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। यहां प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक लाख रुपए, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की ओर से 50-50 हजार रुपए के चेक दिए गए। राहुल ने कहा कि यह मदद दर्द का समाधान नहीं है, लेकिन पीड़ितों के साथ खड़े रहने का एक प्रयास जरूर है। भागीरथपुरा में मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “इंदौर को स्मार्ट सिटी कहा जाता है, लेकिन यहां पीने का साफ पानी नहीं है। पूरे परिवार पानी पीने के बाद बीमार हुए और लोगों की मौत हो गई। यही अर्बन मॉडल है। सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ इंदौर की समस्या नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में यही हालात हैं। सरकार को चाहिए कि वह दोषियों को चिन्हित करे, पीड़ितों को बेहतर इलाज और उचित मुआवजा दे। राजनीति के सवाल पर राहुल ने कहा, “अगर किसी को यह राजनीति लगती है तो लगे, मैं यहां मदद करने आया हूं। विपक्ष का नेता होने के नाते लोगों की आवाज उठाना मेरी जिम्मेदारी है।” राहुल गांधी के साथ इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और अजय सिंह भी मौजूद रहे। दौरे के बाद राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी सरकार पर निशाना साधते हुए स्मार्ट सिटी मॉडल को कठघरे में खड़ा किया।