मादक पदार्थ की तस्करी करते पकड़े गए पति-पत्नी समेत तीन आरोपी, भागने से पहले पुलिस ने पकड़ा
गांजा तस्करी करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्यवाई को अंजाम दिया है जहां पति पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से करीब सवा दो लाख रुपये कीमत का करीब 14 किलो गांजा जप्त किया गया है। मामला एमपी के जबलपुर जिले का है जहां गढ़ा थाना पुलिस ने कार्यवाई की है।
बताया जा रहा है की जबलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। बड्डा दादा मैदान के पास गांजा तस्करी की फिराक में खड़े पति पत्नी समेत एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने कुल 14 किलो 267 ग्राम गांजा जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड्डा दादा मैदान के पास एक महिला अपने दो साथियों के साथ बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्करी के लिए खड़ी हुई है। जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल एक टीम गठित की और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मौके से आरोपी पति पत्नी वंशिका बर्मन,सिद्धांत बर्मन निवासी गोहलपुर और रविकांत जाटव निवासी नरसिंहपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से गांजा बरामद किया गया।
मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। जहां आरोपी रविकांत जाटव और सिद्धांत बर्मन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। इस दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि गांजा कहां से खरीदा गया था और इसकी तस्करी किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस पूछताछ में कई खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। मामले में गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने जानकारी दी।--------