सागर- रमना जंगल में बच्चों का प्रकृति से साक्षात्कार, औषधीय पौधों, वन्य जीवों और पर्यावरण संरक्षण का मिला जीवंत ज्ञान
सागर- रमना जंगल में बच्चों का प्रकृति से साक्षात्कार, औषधीय पौधों, वन्य जीवों और पर्यावरण संरक्षण का मिला जीवंत ज्ञान
मध्य प्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड भोपाल के निर्देशानुसार दक्षिण वन मंडल अंतर्गत सागर जिले के गढ़ाकोटा परिक्षेत्र के रमना जंगल में शनिवार को स्कूली बच्चों के लिए “अनुभूति कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्य प्राणी, औषधीय पौधों, वृक्षों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें प्रकृति के महत्व से सीधे तौर पर जोड़ना रहा। कार्यक्रम में शासकीय कन्या माध्यमिक शाला एवं संदीपनी स्कूल गढ़ाकोटा के लगभग 120 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। बच्चों को जंगल भ्रमण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जैव विविधता, वन्य जीव संरक्षण, विभागीय कार्यप्रणाली, उत्तरदायित्व और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता अभिषेक भार्गव एवं विशिष्ट अतिथि नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी रहे। वहीं अनुभूति कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर व्ही.के. मिश्रा ने बच्चों को जलीय पक्षियों, स्थलीय पक्षियों, तितलियों की विभिन्न प्रजातियों, गिद्धों के संरक्षण तथा जंगल में पाए जाने वाले औषधीय पौधों के उपयोग और महत्व के बारे में रोचक तरीके से समझाया। साथ ही वन विभाग में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को वन विभाग की नौकरी की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। शिविर में शामिल सभी विद्यार्थियों को अनुभूति बुक, केप और पेन किट वितरित की गई, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने जंगल के प्राकृतिक वातावरण में सीखते हुए प्रकृति को करीब से समझा।
कार्यक्रम में उपवन मंडल अधिकारी श्रीमती विनीता जाटव, एसडीओ आलोक झरिया, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिनव दिवाकर, रमना सर्किल प्रभारी सुशील कुमार सोनी सहित अन्य वन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने छात्राओं से वनों की कटाई रोकने और संरक्षण को लेकर प्रश्नोत्तरी की, जिसमें बच्चों ने सटीक उत्तर देकर अपनी समझ का परिचय दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों ने वनों की रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर अभिषेक भार्गव द्वारा रमना वन विभाग रेस्ट हाउस परिसर में कदम का पौधा भी रोपित किया गया।