बालगृह से फरार हुए दो नाबालिग बच्चे, पुलिस सरगर्मी से जुटी तलाश में
बालगृह से दो नाबालिग बच्चों के फरार जाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भागने वाले बच्चों को उम्र 15 और 13 साल बताई जा रही है। मामला ग्वालियर जिले के महाराजपुरा थाना इलाके से सामने आई है। जहां प्रगति बालगृह से दो नाबालिग बच्चे फरार हो गए। जिसके बाद से बालगृह प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जा रहा है की दोनों बच्चे बाल कल्याण समिति (CWC) के आदेश पर प्रगति बालगृह में रखे गए थे। इनमें से एक बच्चा भिंड जिले का रहने वाला है। जबकि दूसरा डबरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है ऐसी जानकारी है की 15 साल का नाबालिग नशा करने का आदी था। जिसके चलते उसे सुधार और संरक्षण के लिहाज से बालगृह में भेजा गया था।
बताया गया की बालगृह संचालक सौरभ गुप्ता ने रेगुलर जांच के दौरान जब बच्चों की गिनती की तो दोनों बच्चे अपने कमरे में मौजूद नहीं मिले। जिसके बाद दोनों की बालगृह परिसर और आसपास के इलाके में काफी तलाश की गई। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद प्रगति बालगृह के संचालक सौरभ गुप्ता ने महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर पुलिस सक्रिय हुई और बच्चों की तलाश शुरू की गई। पुलिस द्वारा बालगृह के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बच्चों के परिजनों को भी सूचना दी है।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी बच्चों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं इस घटना के बाद बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले में एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया की बच्चों की तलाश की जा रही है साथ ही जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्यवाई की जाएगी।