किन्नर के घर 20 लाख की डकैती, छत के रास्ते घुसे हथियारबंद बदमाश, जेवरात और नकदी लेकर फरार
किन्नर के घर 20 लाख की डकैती, छत के रास्ते घुसे हथियारबंद बदमाश, जेवरात और नकदी लेकर फरार
एमपी के मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे बेखौफ होकर बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला अंबाह के महावीर पुरा दोहरी गली का है, जहां किन्नर राबिया के घर बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपये की डकैती को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच 8 हथियारबंद बदमाश छत के रास्ते किन्नर राबिया के घर में दाखिल हुए। उस समय घर में राबिया सहित दो अन्य किन्नर मौजूद थीं। बदमाशों ने घर में घुसते ही हथियार दिखाकर तीनों को डराया-धमकाया और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने फनर की मदद से घर के सभी ताले काटकर अलमारी और संदूक खंगाल डाले।
डकैतों ने घर में रखे करीब 15 तोला सोने के जेवरात, 5 किलो चांदी के आभूषण और लगभग 3 लाख रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने तीनों किन्नरों की तलाशी भी ली और उनके शरीर पर पहने हुए कीमती जेवरात भी उतरवा लिए। पूरी वारदात को बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। डकैतों की तैयारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इससे पुलिस की जांच में अतिरिक्त परेशानी सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अंबाह पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। अंबाह एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 8 बदमाशों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। लगातार हो रही चोरी और डकैती की घटनाओं से मुरैना जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वहीं अपराधियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते नजर आ रहे हैं।