Sagar - यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली बसों के फिटनेस निरस्त, स्लीपर बस जप्त..
सागर में परिवहन विभाग ने यात्री और स्कूल बसों की चेकिंग करते हुए सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली 5 यात्री बसों को जब्त किया है। टीम ने चेकिंग के दौरान पाया कि बस क्रमांक MP13P1868 में निकास के लिए दूसरा दरवाजा ही नहीं था, जिसके चलते मौके पर ही वाहन की फिटनेस निरस्त कर दी गई। बस क्रमांक MP70ZD2875 बिना परमिट के सड़क पर दौड़ती मिली। एक अन्य बस MP04PA2664 के पिछले कांच पर लोहे की जाली लगी थी, जिसे तत्काल निकलवाया गया।
कार्रवाई में दो स्लीपर कोच बसें भी जब्त की गईं, जिनमें निर्धारित मानक (AIS-119) के अनुसार चार इमरजेंसी गेट नहीं थे। कई बसों में इमरजेंसी गेट के पास सीटें लगा दी गई थीं, जिन्हें टीम ने मौके पर ही उखाड़कर जब्त कर लिया। इसके अलावा, बसों में अग्निशमन यंत्र या तो गायब थे या मानक स्तर के नहीं थे। विभाग ने मोटरयान अधिनियम के तहत इन वाहनों पर कुल 25,500 रुपए का जर्माना लगाया है।
जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के युवाओं, एनसीसी कैडेट्स और इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों का चयन सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में किया गया है। इन सभी का पंजीयन माय भारत पोर्टल पर पूर्ण हो चुका है। चयनित सड़क सुरक्षा मित्रों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए आईआईटी मद्रास के सहयोग से अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के तहत विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह युवा ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण कर यह पता करेंगे कि लगातार हो रहे हादसों की वजह क्या है? उनकी रिपोर्ट में रोड इंजीनियरिंग की कमियां, संकेतकों का अभाव, वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़े डेटा को शामिल किया जाएगा।