बहू पर जेठ की थी बुरी नजर छोटे ने रोका तो बड़े भाई ने निपटा दिया और फिर |SAGAR TV NEWS|
मध्य प्रदेश सागर संभाग के छतरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी से हो रही छेड़खानी का विरोध करना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। यह चौंकाने वाली वारदात लवकुश नगर अनुभाग के चंदला थाना क्षेत्र अंतर्गत बलकौरा गांव की है, जहां बड़े भाई ने ही अपने छोटे भाई की गला घोंटकर मर्डर कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलकौरा गांव निवासी युवक की पत्नी को उसका जेठ लगातार परेशान और छेड़खानी कर रहा था। महिला ने इस बात की शिकायत अपने पति से की। पत्नी की पीड़ा सुनकर पति ने अपने बड़े भाई को समझाने और ऐसी हरकतें बंद करने के लिए कहा। लेकिन यह बातचीत जल्द ही विवाद में बदल गई।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। इसी दौरान आरोपी बड़े भाई ने गुस्से में आकर तौलिये से छोटे भाई का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। मर्डर के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही चंदला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मंगलवार को लवकुश नगर एसडीओपी नवीन दुबे ने प्रेस को जानकारी देते हुए मर्डर का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह मर्डर पारिवारिक विवाद और छेड़खानी के विरोध के चलते हुई है। आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक ओर एक महिला की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाई-भाई के रिश्ते को कलंकित करने वाली इस वारदात ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है।