एक ही रात में 8 दुकानों में सेंध, CCTV में कैद हुई वारदात, चोर बेखौफ, पुलिस पर सवाल |SAGAR TV NEWS|
शांत और सुरक्षित माने जाने वाले एमपी के पन्ना जिले के अमानगंज कस्बे में बीती रात चोरों ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। अज्ञात चोरों ने पुरानी बस स्टैंड क्षेत्र में एक ही रात में 8 दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर बिना किसी डर के मोबाइल की रोशनी में दुकानें खंगालते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से पुरानी बस स्टैंड के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र को निशाना बनाया। हीरा मोबाइल, भावी जी जनरल स्टोर, लकी कंप्यूटर सहित कई प्रतिष्ठित दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने नकदी के साथ-साथ मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती सामग्री चोरी की है। कुल नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन नुकसान हजारों रुपये में बताया जा रहा है।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। थोड़ी ही देर में जब एक के बाद एक दुकानों में चोरी की जानकारी सामने आई, तो पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। दुकानदारों का कहना है कि अगर बस स्टैंड जैसे मुख्य और व्यस्त इलाके में चोरी हो सकती है, तो बाकी शहर की सुरक्षा का क्या हाल होगा?
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर पूरी इत्मीनान से दुकान के अंदर घुसकर सामान तलाश रहा है। न तो उसे किसी के आने का डर है और न ही पुलिस गश्त का। यही वजह है कि अब स्थानीय लोग पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अमानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सभी दुकानों के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारी और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक चोरों को पकड़कर लोगों का भरोसा बहाल कर पाती है।