हाईवे पर दौड़ रहा ट्रक बना आग का गोला, 150 क्विंटल धान हुई स्वाहा |SAGAR TV NEWS|
सड़क पर दौड़ रहे धान से भरे हुए एक ट्रक में इतनी भयंकर आग लगी की 150 क्विंटल धान जलकर राख हो गयी। गनीमत इस बात की रही की कोई जनहानि नहीं हो पाई। घटना ग्वालियर जिले से सामने आई है। जहां आगरा–झांसी हाईवे पर एक बड़ा हादसा हुआ। धान से भरा ट्रक चलते-चलते आग की चपेट में आ गया। और देखते ही देखते ट्रक में भीषण आग लग गई। जब तक फायर ब्रिगेड से आग पर काबू पाया गया तब तक काफी देर हो चुकी थी। आगजनी की घटना में ट्रक मालिक को लाखों रूपये के नुकसान की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के मुताबिक डबरा से धान लेकर हरियाणा के करनाल जा रहा ट्रक जैसे ही झांसी–आगरा हाईवे पर जौरासी घाटी के पास पहुंचा। तभी ट्रक के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा। जहां कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक धू-धूकर जलने लगा। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है की हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों ने ट्रक से उठते धुएं को देखा और तुरंत ट्रक ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। ड्राइवर और स्टाफ ने मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग बेकाबू हो चुकी थी। जिस वजह से कुछ समय के लिए आगरा–झांसी हाईवे पर ट्रैफिक भी रुक गया। और जाम की स्थिति बन गयी। सूचना मिलने पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले में पुलिस ने जाँच शुरू की है।