Sagar- रात के अंधेरे में घर में घुसकर हमला,पत्नी से अभद्रता का विरोध पड़ा भारी, 2 आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के थाना मोतीनगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। देर रात घर में घुसकर डंडे और चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस की सक्रियता और तत्परता का एक मजबूत उदाहरण मानी जा रही है। मामला दिनांक 21 जनवरी 2026 की रात का है।
फरियादी देवेंद्र यादव, निवासी बल्लभनगर वार्ड, नीलकंठ मंदिर के पास, अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान मोहल्ले का लालू यादव स्कूटी से वहां पहुंचा और सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर फरियादी की पत्नी से अभद्रता करने लगा। देवेंद्र यादव द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद वह घर के अंदर चले गए, लेकिन मामला यहीं नहीं थमा।
कुछ देर बाद लालू यादव, आकाश यादव और राहुल यादव हाथों में डंडा और चाकू लेकर जबरन फरियादी के घर में घुस आए। तीनों ने अश्लील गालियां देते हुए हमला कर दिया। लालू यादव ने डंडे से फरियादी की पीठ पर जोरदार वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। वहीं राहुल और आकाश यादव ने चेहरे पर थप्पड़ मारे, जिससे दोनों गालों में सूजन और चोटें आईं। हमलावरों ने फरियादी को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मोतीनगर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल उर्फ लेखराम यादव और आकाश उर्फ मट्टू यादव को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा और चाकू भी जप्त किए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, एएसआई राकेश भट्ट समेत पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। मोतीनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।